### पालागन संवाद – श्रीमती इंदु चतुर्वेदी जी से बातचीत
विषय: विवाह संबंधों की बदलती परंपरा, चुनौतियाँ और सफल दांपत्य की तलाश
श्रीमती इंदु चतुर्वेदी जी पिछले लगभग 15 वर्षों से चतुर्वेदी समाज में युवक-युवतियों के विवाह संबंध तय कराने का निस्वार्थ कार्य कर रही हैं। उनके प्रयासों से अब तक कम से कम 100 विवाह संपन्न हो चुके हैं। गृहिणी होते हुए भी उन्होंने समाज में एक ऐसी भूमिका निभाई है, जो अनेक परिवारों के जीवन में खुशियाँ और नई शुरुआत लेकर आई है।
उनसे की बातचीत के अंश प्रस्तुत हैं :
पालागन : इंदु जी, पिछले 15 वर्षों से आप चतुर्वेदी समाज में विवाह संबंध कराने का कार्य कर रही हैं। इस यात्रा की शुरुआत कैसे हुई? क्या कोई विशेष घटना थी जिसने आपको इस सामाजिक कार्य के लिए प्रेरित किया?
इंदु जी : इस यात्रा की शुरुआत का एक विशेष संवाद था ,जो लोग अधिकतर करते थे कि चौबों में हमारे बच्चों के लिए अच्छे लङके लङकी नहीं मिलते हैं चुंकि मेरा बेटा और बेटी विवाह योग्य हो चुके थे दौनों के लिए बहुत से अच्छे संबंध मुझे मिले तब लगा विवाह योग्य अच्छे बच्चे तो हैं पर संपर्क न होने से पता नहीं चल पाता है।उस समय जो मेरे पास बायोडेटा थे परिवार की अनुमति से उन परिवार को भेजना शुरु किया जिन्हें आवश्यकता इस तरह सिलसिला बढ़ता गया।
2\. अब तक आपके प्रयासों से कम से कम 100 विवाह संपन्न हो चुके हैं। इतने परिवारों को जोड़ने के बाद जब आप पीछे मुड़कर देखती हैं, तो इस यात्रा का कौन-सा अनुभव आपके मन में सबसे अधिक संतोष और प्रसन्नता भरता है?
वैसे तो सभी संबंध प्रसन्नता देते हैं परंतु उनमें से कुछ विशेष हैं पहले संबंध में दो बहनों का संबंध है एक का तो बीस-पच्चीस दिन में संबंध तय हुआ और शीघ्र ही विवाह हो गया दूसरी बहन का विवाह भी तय हुआ पर शादी के चंद दिन पहले ही कुछ ऐसी परिस्थिति बनी विवाह नही हो पाया तुरंत ही दूसरी जगह बात करवाई बात बन गई और विवाह भी हो गया प्रसन्नता इस बात की है दोनों बहनें अपने घर में आनंद से रह रही हैं। दूसरे संबंध में दोनों बच्चे तलाकशुदा थे अपने पूर्व संबंध में बहुत परेशान थे ईश्वर की कृपा से दंपति एवं दोनों परिवार बहुत प्रसन्न हैं
3\. चतुर्वेदी समाज में आज विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए उपयुक्त संबंध तलाशना कितना कठिन हो गया है? क्या समाज में विवाह योग्य आयु, अपेक्षाओं और उपलब्ध विकल्पों के बीच कोई असंतुलन दिखाई देता है?
आज समाज में विवाह के लिए संबंध तलाशना कठिन है विशेषतः युवकों के लिए कुछ तो युवक- युवतियों के अनुपात में अंतर ,अपेक्षाओं का बढ़ना,चुंकि युवतियाँ आज आत्मनिर्भर है तो जो एक अच्छी बात है परंतु उसके कारण विवाह उपलब्धता होते हुए भी वि विवाह संबंध नहीं पा रहे हैं सबसे बढ़कर बच्चे स्वयं संबंध सुनिश्चित करने लगे हैं उनकी हाँ-न मायने रखती है सब कुछ वे ही तय करते हैं आत्मनिर्भर हैं, पहले से विवाह योग्य आयु सीमा बढ़ गई है ये सब बदलाव आने से विवाह संबंध नहीं हो पा रहे ऐसा मेरा अनुभव है
4\. पहले विवाह तय करते समय परिवार की प्रतिष्ठा, संस्कार, कुल-परंपरा और आपसी व्यवहार को विशेष महत्व दिया जाता था। आज आर्थिक स्थिति, नौकरी, वेतन, पद और सामाजिक हैसियत अधिक निर्णायक होते जा रहे हैं। आपने इस बदलाव को अपने अनुभवों में किस प्रकार देखा है?
ये सत्य है पहले सर्वप्रथम परिवार और लङका ही देखा जाता था किंतु आज धन का महत्त्व बढ़ गया है।संस्कारों,का लगता है कोई महत्व नहीं रहा।
5\. क्या आपको लगता है कि आज लड़के और लड़कियों के परिवार जीवनसाथी की तलाश में कभी-कभी व्यक्ति के गुणों से अधिक उसके आर्थिक पैकेज और सामाजिक स्थिति पर ध्यान देने लगे हैं? इस प्रवृत्ति का विवाह संबंधों पर क्या प्रभाव पड़ रहा है?
आज लङके का पैकेज सर्वोपरि हो गया है और लडकियों का रुप-रंग ।पहला प्रश्न यही होता है कि लङके का पैकेज हमारी बिटिया से अधिक है न तभी आगे बात बढ़ाएंगे और अच्छे संबंध छोड़ देते हैं,कितना भी प्रतिष्ठित परिवार हो दूसरी अन्य बातों ध्यान न देने से विवाह संबंध सुनिश्चित करना कठिन हो गया है और विवाह संबंध विच्छेद भी हो रहे हैं
6\. आज की युवतियों की अपेक्षाएँ पहले की तुलना में किस प्रकार बदली हैं? इसी तरह, युवक और उनके परिवार जीवनसाथी में किन गुणों को प्राथमिकता देते हैं? क्या इन अपेक्षाओं के बीच सामंजस्य बैठाना कठिन होता जा रहा है?
बिल्कुल आज युवतियों की अपेक्षाएँ बहुत बढ.गयी हैं विशेषतः शादी से पहले ही लङके पास मकान, गाङी,बैंक बैलेन्स होना चाहिए सबसे बढकर संयुक्त परिवार नहीं होना चाहिए कहीं-कहीं माता की भी अपेक्षा यही होती बिटिया संयुक्त परिवार में नहीं रह पायेगी ।इन विचारों के चलते सामंजस्य बैठाना कठिन हो गया है।
7\. विवाह संबंध तय करते समय सबसे बड़ी चुनौती क्या होती है—परिवारों की अपेक्षाओं का मेल, युवक-युवती की पसंद, आर्थिक असमानता, नौकरी और स्थान का प्रश्न, अथवा अन्य कोई कारण?
आज विवाह संबंध सुनिश्चित कर ने सबसे बङी चुनौती मेरे अनभव के अनुसार पैकेज और स्थान है युवतियां जिस शहर में नौकरी करती हैं उसे नहीं छोड़ना चाहती वो युवक को ही अपने शहर में बुलाना चाहतीं
8\. कई बार परिवारों की पसंद और युवक-युवती की पसंद अलग-अलग होती है। ऐसे अवसरों पर आप दोनों पक्षों के बीच संवाद और समझ विकसित करने के लिए क्या भूमिका निभाती हैं?
माता- पिता और बच्चों.की पसंद अलग होने पर कभी अकभी युवक युवतियों से माता पिता बात कराते हैं और उनका शंका समाधान हो जाता है ।
9\. आज विवाह के बाद दांपत्य जीवन को टिकाए रखना भी एक बड़ी चुनौती बन गया है। आपके अनुभव में सफल और स्थायी विवाह के लिए किन गुणों और मूल्यों का होना सबसे आवश्यक है?
आज विवाह के बाद दाम्पत्य जीवन को सफल और स्थाई बनाए रखने के लिए धैर्य, परस्पर भावनाओं का आदर ,अहम न रखना बहुत महत्वपूर्ण है
10\. बढ़ते तलाक और वैवाहिक विवादों के समाचार चिंता पैदा करते हैं। आपके विचार में आज विवाह संबंधों में तनाव बढ़ने के प्रमुख कारण क्या हैं? क्या अपेक्षाओं का अत्यधिक बढ़ जाना, संवाद की कमी और परिवारों का हस्तक्षेप इसमें भूमिका निभाते हैं?
बढ़ते तलाक, विवाह संबंधों मे तनाव का बङा कारण परिवारों का हस्तक्षेप है विशेष रूप से युवतियों के परिवार का जिसका प्रमुख कारण मोबाइल है।इस में एक कारण परवरिश भी है हम माता पिता दोषी है बच्चों को परिस्थिति से सामंजस्य करना शायद नहीं सिखा पा रहे ऐसा मेरा विचार है
11\. विवाह से पहले युवक-युवती और उनके परिवारों को किन बातों पर खुलकर चर्चा करनी चाहिए, ताकि बाद में गलतफहमियाँ और विवाद उत्पन्न न हों? क्या विवाह तय करने की प्रक्रिया में कुछ आवश्यक बदलाव किए जाने चाहिए?
विवाह संबंध सुनिश्चित करने में पारदर्शिता की भूमिका अहम है अतः हर दृष्टिकोण में सबकुछ सत्य बताना चाहिए झूठ पर कोई भी संबंध टिक नहीं पाता है
12\. आपने अनेक परिवारों को विवाह के माध्यम से जोड़ा है। जब किसी जोड़े का दांपत्य जीवन सुखपूर्वक आगे बढ़ता है और वर्षों बाद भी वे आपको याद करते हैं, तो उस क्षण आपको कैसा अनुभव होता है? क्या कोई ऐसा प्रसंग है जिसे आप हमारे पाठकों के साथ साझा करना चाहेंगी?
सुखमय दाम्पत्य जीवन व्यतीत कर रहे सभी जोङों से मिल कर बहुत प्रसन्नता होती है उनमें कुछ हमारे आसपास ही रह रहे हैं एक ऐसा भी उदाहरण है जिसमें दोनों ही, युवक -युवती लंदन में जाॅब कर रहे थे और दोनों के माता पिता मेरे संपर्क में थे उनका संबंध कराया और आज विवाह हुए भी तीन वर्ष हो चुके हैं आज उनकी माताएं मिलती हैं और संबंध को लेकर प्रसन्नता दिखाती हैं तो मन को अत्यधिक संतोष मिलता है।
13\. विवाह संबंध कराने के इस कार्य में आपको कभी निराशा, असहमति या कठिन परिस्थितियों का सामना भी करना पड़ा होगा। ऐसे समय में आपको आगे बढ़ने की प्रेरणा कहाँ से मिलती है?
चुकि विवाह संबंध कराने में मेरी भूमिका संपर्क सूत्र उपलब्ध कराने की ही प्रमुख है विषम परिस्थित कम आयी है किंतु एक दो संबंध में कठिनाई आयी एक केस में तो पुलिस तक बात चली गई लेकिन फोन पर ही समस्या समाधान हो गया। अपने सुंदर, सुशिक्षित चतुर्वेदी समाज को घटते हुए न देखना आगे बढ़ने को प्रेरित करती है
14\. आज के डिजिटल युग में विवाह संबंधों के लिए अनेक वेबसाइट और ऐप उपलब्ध हैं। आपके विचार में व्यक्तिगत परिचय, परिवारों के बीच विश्वास और अनुभवी मध्यस्थ की भूमिका का महत्व क्या अब भी बना हुआ है?
चाहे आज डिजिटल युग है पर मध्यस्थ की भूमिका आज भी मायने रखती है विश्वास बढ़ता है
15\. अंत में, चतुर्वेदी समाज के उन माता-पिता और युवक-युवतियों को आप क्या संदेश देना चाहेंगी, जो एक अच्छे जीवनसाथी की तलाश में हैं? आपकी दृष्टि में विवाह का वास्तविक उद्देश्य क्या होना चाहिए—सामाजिक प्रतिष्ठा, आर्थिक सुरक्षा या दो व्यक्तियों का जीवनभर का साथ?
तीनों ही आवश्यक हैं किसी एक को प्राथमिकता देना उचित नहीं है संबंध सुनिश्चित कर ने बाधक है।
समापन प्रश्न
“इंदु जी, आपने 15 वर्षों में अनेक घरों में खुशियों की नई शुरुआत कराई है। यदि आपको अपने इस कार्य को एक वाक्य में व्यक्त करना हो, तो वह वाक्य क्या होगा?”
दोनों परिवारों के चेहरे पर आयी मुस्कान मुझे अपनी मुस्कान लगती है और सभी को बहुत शुभकामनायें
धन्यवाद




























Feed from WhatsApp